सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित

Spread the love

-राज्यपाल ने विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए
-एआई के क्षेत्र में दक्षता प्राप्त करें युवा: राज्यपाल
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह गुरुवार को अल्मोड़ा परिसर के विवेकानंद सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। राज्यपाल ने 15 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए। विभिन्न विषयों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक तथा पांच विद्यार्थियों को प्रायोजित स्मृति स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विषयों के 48 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘विधि सहयोगी ऐप’ तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ. ललित चंद्र जोशी की पुस्तक ‘पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां’ का विमोचन किया। साथ ही पदक प्रायोजकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने ‘लोकल टू ग्लोबल’ सोच विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, मूल्य और अनुभव जीवन में सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और सूचना प्रौद्योगिकी को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए युवाओं से इन क्षेत्रों में दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित विभिन्न नवाचार एवं शोध केंद्रों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन पर बधाई दी। कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विस्तार योजनाओं, शोध गतिविधियों और शिक्षण गुणवत्ता सुदृढ़ीकरण के प्रयासों की जानकारी दी। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. एस.ए. हामिद ने किया। समारोह में विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा, कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित संकायाध्यक्ष तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *