जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने देहरादून स्थित विश्व संवाद केंद्र में अपना नया कार्यालय शुरू कर दिया है। इस कार्यालय के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
परिषद के प्रांतीय सचिव सीपी डोबरियाल ने बताया कि संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष गुलाब सिंह रावत, संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, राज्य प्रचारक प्रमुख संजय, प्रांत संपर्क प्रमुख राजेश सेठी और जिला प्रचारक विक्रम की उपस्थिति में कार्यालय का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के जरिए पूर्व सैनिकों का मुख्यमंत्री, राज्यपाल और सब एरिया कमांडर जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कराया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। डोबरियाल ने बताया कि सेना से लौट रहे अग्निवीरों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के साथ आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे नागरिक जीवन में सफलता पूर्वक आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि परिषद पूर्व सैनिकों के सम्मान, कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी तथा नई पीढ़ी के सैनिकों को भी सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखेगी।