पार्किंग व्यवस्था शुरू करने, जाम से राहत की उठाई मांग

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग को लेकर भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी ने जिला विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर निगम और प्राधिकरण द्वारा निर्मित दोपहिया वाहन पार्किंग स्थलों को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता जताई गई। राजीव गुरुरानी ने कहा कि नगर में लगातार बढ़ रहे दोपहिया वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भैरव मंदिर के पास केएमओयू स्टेशन और जीआईसी स्कूल के समीप पार्किंग स्थल कई माह पहले बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन अब तक उनका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। ज्ञापन में संबंधित पार्किंग स्थलों को तत्काल खोलने और उनका संचालन शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग शुल्क न्यूनतम रखने का सुझाव दिया गया है। इसमें 10 रुपये प्रति घंटा और 30 रुपये प्रतिदिन शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि लोग आसानी से पार्किंग का उपयोग कर सकें और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या कम हो सके। राजीव गुरुरानी ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय लेते हुए पार्किंग व्यवस्था लागू करने और नगरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *