जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नं. 9 में पनियाली गदेरे पर बाढ़ सुरक्षा दीवार न बनाए जाने को लेकर वार्डवासियों ने आक्रोश जताया। कहा कि बाढ़ सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण वर्षाकाल में क्षेत्र में तबाही मच सकती है। जिसको लेकर उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
पार्षद प्रवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में वार्डवासी सिंचाई विभाग के कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंता को ज्ञापन सौंपा। प्रवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान में वार्ड स्थित पनियाली गदेरे में सुरक्षा दीवार जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण वर्षाकाल में पूरे गदेरे का पानी वार्ड में घुस जाता है, जिस कारण कई घरों को नुकसान होता है। विगत वर्ष भी वर्षाकाल में गदेरे का पूरा पानी लोगों के घरों में घुस गया था। जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। उन्होंने जनहित में बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कर दीवार की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, ताकि वर्षाजल को आबादी क्षेत्र में घुसने से रोका जा सके। इस मौके पर अर्जुन सिंह पुंडीर, सुभागा पुंडीर, कुसुम नेगी, कृष्णा काला, आंनदी, कमला, भारती मौजूद रहे।