जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज दुगड्डा में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से सिमरन बेगम को संघ का अध्यक्ष चुना गया, जबकि ममता देवी को विद्यालय प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने, अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षकों ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है और बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम भी बेहतर रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र खरक्वाल ने बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विद्यालय ने पहला स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बीईएल की ओर से विद्यालय को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बैठक में धनंजय प्रसाद ध्यानी, उपांत रावत, मदन नेगी समेत कई अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।