जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड यमकेश्वर के ग्राम सीला स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पिछले दो वर्षों से अंग्रेजी विषय के शिक्षक का पद रिक्त होने के विरोध में ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र अंग्रेजी शिक्षक की नियुक्ति की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल एवं कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्रीय ग्रामीण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। विनोद डबराल ने कहा कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय की शिक्षिका पिछले दो वर्षों से अवकाश पर हैं, लेकिन विभाग ने उनकी जगह वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था नहीं की है। इससे विद्यार्थियों की अंग्रेजी विषय की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से अवकाश पर चल रही शिक्षिका के संबंध में भी विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने मांग की कि छात्रों के हितों को देखते हुए तत्काल अंग्रेजी शिक्षक की नियुक्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रवासी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बिथ्याणी में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।