बालाजी मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव संपन्न, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री बालाजी मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। समापन से एक दिन पूर्व बुधवार शाम मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी महाराज को 56 भोग अर्पित करने एवं विशेष आरती के साथ हुई। इसके बाद आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने किया। प्रसिद्ध भजन गायक संजू पागल ने ‘मेरी नैया पार लगा दो बालाजी’, ‘बाबा तेरे दर पर आया हूं’, ‘बोलो बालाजी महाराज की’ और ‘चलो दर्शन को मेहंदीपुर चलिए’ सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते नजर आए। गुरुवार को वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेंद्र अण्थ्वाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व महापौर हेमलता नेगी, पार्षद आरती खर्कवाल, वीरेंद्र सिंह रावत, मंदिर के संस्थापक दिनेश ऐलावादी, उद्यमी हरिकृष्ण कंसल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, कमल अग्रवाल, सुशील भाटिया, राकेश जागड़ा, जानकी प्रसाद द्विवेदी, रामनारायण गर्ग, शिव कुमार अग्रवाल और राकेश खुराना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *