मानसून की तैयारी में जुटा प्रशासन, दिए आवश्यक निर्देश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन बाद शुरु होने वाले मानसून को देखते हुए प्रशासन ने कमर कसनी शुरु कर दी है। उपजिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को हर मोर्चे पर तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने तहसील में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद मानसून शुरु होने वाला है। ऐसे में हर विभाग को जिम्मेदारी के साथ कार्य कारना होगा। उपजिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से आपदा के दौरान बंद होने वाले मोटर मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए उपलब्ध पोकलैंड मशीनों की लोकेशन तथा मशीन ऑपरेटरों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने को कहा गया, ताकि आपदा की स्थिति में समय रहते उनसे संपर्क कर आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके। लोक निर्माण विभाग धुमाकोट खंड के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग के बीच 12 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा आपदा प्रबंधन के लिए विस्तृत कार्य योजना भी तैयार की गई है। उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को पर्वतीय क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें। बैठक में राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बाल विकास, शिक्षा विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *