देवप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग हादसे, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

Spread the love

नई टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक राशन से लदा ट्रक पलट गया, जबकि एक अन्य घटना में ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत हो गई। दोनों ही हादसों में गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि बुधवार सुबह कोशिवमूर्ति के पास ब्रेक फेल होने से राशन से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गयी थी। पूछताछ में ट्रक के चालक मुकीम 26 वर्ष, निवासी मीरपुर, सहारनपुर (उप्र) ने बताया कि ढलान पर अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। रफ्तार बढ़ने पर ट्रक को रोकने के लिए उसने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पहाड़ी की ओर पड़े पत्थरों पर चढ़ा दिया, जिससे ट्रक पलट गया। इस दुर्घटना में चालक के हेल्पर अंसर 21 वर्ष को हल्की चोटें आई हैं। यह ट्रक यमुनानगर, हरियाणा से गेहूं भरकर भारतीय खाद्य निगम के श्रीनगर गोदाम जा रहा था।
वहीं दूसरी घटना तीन धारा के पास एनएचपीसी के समीप डेंजर मोड़ पर हुई, जहां पंजाब से आ रहे श्रद्धालुओं की कार और सामने से आ रहे एक एलपी ट्रक के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और हाईवे पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार मच गई। हालांकि, कार में सवार लुधियाना पंजाब के ग्राम कनेज निवासी सुखविंदर कौर उम्र 40 वर्ष, नवजोत कौर उम्र 14 वर्ष , जशन कुमार उम्र 10 वर्ष, पवनजीत कौर उम्र 39 वर्ष और पवन कुमार बाल-बाल बच गए। ये सभी श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में शामिल ट्रक का चालक भगतसिंह, निवासी तिलवाड़ा रुद्रप्रयाग से पूछताछ की जा रही है। दोनों वाहनों को सड़क से हटा कर किनारे कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *