जिला पंचायत अध्यक्ष ने छठ स्थल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया

Spread the love

रुद्रपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने डीएम नितिन सिंह भदौरिया और सीडीओ दिवेश शाशनी के साथ खटीमा में निर्माणाधीन छठ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ने वन विभाग की टीम के साथ दूरस्थ ग्राम बग्गा-54 का भी निरीक्षण किया। क्षेत्र में सरपुरा से बग्गा-54 तक लगभग पांच किलोमीटर लंबे खड़ंजा मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसका उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मार्ग निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने काली मंदिर की चहारदीवारी निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया। साथ ही वन विभाग और ग्रामीणों के बीच रास्ते एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर आ रही समस्याओं का समाधान कराया। बड़िया लाइन के किनारे अतिक्रमण रोकने के लिए खाई निर्माण कार्य भी जारी है। ग्रामीणों की मांग पर उनके हस्तक्षेप से आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। समस्याओं के समाधान पर ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट और पूर्वांचल सेवा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *