जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने दिया लैब तकनीशियन के आंदोलन को समर्थन

Spread the love

लैब तकनीशियनों का धरना दसवें दिन भी जारी
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले, एकता विहार स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का धरना गुरूवार को दसवें दिन भी लगातार जारी रहा। अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर संघर्षरत लैब तकनीशियनों ने सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए आंदोलन को निरंतर जारी रखा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार द्वारा जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज करते हुए क्रमिक धरना एवं उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस दौरान धरना स्थल पर चमोली से भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री पहुंचे। उन्होंने बेरोजगार लैब तकनीशियनों की प्रमुख मांगों आईपीएचएस मानकों के अनुरूप पदों का सृजन, वर्षवार मेरिट के आधार पर भर्ती एवं सरकारी लैबों के निजीकरण पर रोक का समर्थन किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह लैब तकनीशियनों की बात मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे। लक्ष्मण खत्री ने कहा कि लैब तकनीशियन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं तथा पर्वतीय क्षेत्रों में लैब तकनीशियनों के पद सृजित होने से न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों की जनता को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। धरना स्थल पर रणवीर बिष्ट, मयंक राणा, आशीष खाली, पूजा रावत, सविता खत्री, अनूप रावत, महादीप भट्ट, सर्वेश वशिष्ठ, अनुराग पंत, लोकेंद्र भट्ट, राहुल देव, विश्वदीपक, अजय नयाल, विनय उनियाल, दीपक जोशी, दिनेश पाली, आशुतोष सेमवाल, भूपेश पंत, शरद पाल, बिजेंद्र सेमवाल, राजेश रावत, अर्जुन मेहता, चंद्रा सिंह, सोहन रावत, हिमांशु गैरोला आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *