जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड पाबौ के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पांग में लंबे समय से शिक्षकों की कमी है। जिस कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय बीते एक वर्ष से एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा है। शिक्षकों की कमी के चलते अभिभावक अपने बच्चों को दूसरे विद्यालयों में भेजने को मजबूर है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मवीर अजयपाल सिंह ने बताया कि विद्यालय में पांग, थापली और पुसोली गांवों के छात्र-छात्राएं आते हैं। इस शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में विद्यालय में 16 छात्र थे, लेकिन एक ही शिक्षक के भरोसे पढ़ाई होने के कारण दो छात्र अन्य विद्यालयों में चले गए और वर्तमान में छात्र संख्या घटकर 14 रह गई है। लंबे समय से विद्यालय में एक ही शिक्षक होने के कारण मौजूदा शिक्षक ही सभी विषय पढ़ाने को मजबूर है। इसके कारण पढ़ाई की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। यही कारण है कि अभिभावक बच्चों को दूसरे स्कूलों में भेजने लगे हैं, जिससे विद्यार्थी संख्या पर भी असर पड़ा है। शिक्षक सतवीर सिंह नेगी ने बताया कि उनकी ड्यूटी भवन गणना सहित अन्य कार्यों में लगाए जाने से अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एक ही शिक्षक तीनों कक्षाओं का संचालन कर रहा है, जिससे दिक्कत हो रही है। कक्षा 6वीं में पांच, 7वीं में तीन और 8वीं में छह बच्चे अध्ययनरत हैं। वहीं अंशुल बिष्ट जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) पौड़ी का कहना है कि जिले के जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया चल रही है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती कर पठन-पाठन व्यवस्था सुचारु की जाएगी।