3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं डीके शिवकुमार, मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल

Spread the love

बेंगलुरु , कर्नाटक की राजनीति में जारी हलचल के बीच नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ 10 अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद 18 जून के बाद मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है।
सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव के बाद कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। इस बीच राज्य सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हैं और कांग्रेस नेतृत्व शनिवार को होने वाली कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी में जुटा हुआ है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार की संभावित कैबिनेट में करीब 50 प्रतिशत नए चेहरों को जगह मिल सकती है। वहीं, कर्नाटक विधान परिषद में कांग्रेस के मुख्य सचेतक सलीम अहमद ने शुक्रवार को कहा कि मंत्रिमंडल गठन, क्षेत्रीय और सामाजिक (जातीय) प्रतिनिधित्व तथा संभावित उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति से जुड़े अंतिम फैसले सीएलपी बैठक के बाद कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए जाएंगे।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर औपचारिक घोषणा की जा सकती है। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का भी ऐलान होने की उम्मीद है।
इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। हालांकि, नेतृत्व परिवर्तन और शपथ ग्रहण को लेकर अब तक कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक हलकों की नजरें अब सीएलपी बैठक और पार्टी आलाकमान के फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *