डीएम ने किया राप्रावि कुण्ड के बूथ का निरीक्षण, एसआईआर कार्यों का लिया जायजा
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कुण्ड में बूथ संख्या 86 एवं 87 पर निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया, अभिलेखों के रखरखाव तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के द्वितीय चरण के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कुण्ड में एसआईआर सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया गया। यहां संचालित दोनों बूथों पर ऐसे मतदाताओं के प्रकरणों का परीक्षण किया जा रहा है, जिनके नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से मैप नहीं हो पाए थे अथवा जिनके विवरण में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाता अपने अभिलेखों के साथ सुनवाई केंद्र पहुंच रहे हैं, जहां बीएलओ, सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) उनकी सहायता करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम सही ढंग से दर्ज कराने की कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।