रुद्रप्रयाग। बुधवार से जारी बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर जिले की स्थिति की समीक्षा की और सभी विभागों को किसी भी आपातस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। जहां-जहां मलबा आने से सड़कें बाधित हुईं वहां संबंधित विभागों की ओर से मार्ग खोलने का काम लगातार किया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान पेयजल, विद्युत, लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, पुलिस और राजस्व विभाग से तैयारियों की जानकारी ली गई। फिलहाल कोई भी नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं बह रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों के किनारे जाने से बचें। उन्होंने नगर निकायों, जिला पंचायत, एनएच और लोनिवि को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। कहा कि केदारनाथ यात्रा फिलहाल सुचारु है।