डीएम ने की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा

Spread the love

हर शिकायत का समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निस्तारण करने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी संतुष्टि प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित कारण शिकायतों का अनावश्यक क्लोजर न किया जाए तथा ट्रांसफर किए गए मामलों का नियमित फॉलोअप करते हुए उनकी प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। समीक्षा के दौरान अधिक किराया वसूली से संबंधित एक शिकायत पर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, नामांतरण (म्यूटेशन) से संबंधित शिकायत पर तहसीलदार गैरसैंण को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क के नाम परिवर्तन संबंधी शिकायत पर उन्होंने ब्रिडकुल एवं सैनिक कल्याण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *