धूमधाम से मनाया रामनवमी का पर्व
रुद्रप्रयाग। जिले में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते मंदिरों में ज्यादा भीड़ नहीं रही किंतु अधिकांश स्थानों पर प्रभु श्रीराम और हनुमान की पूजा अर्चना की गई। सुंदरकांड के साथ पूजा अर्चना करते हुए विश्व शांति की प्रार्थना की गई। इधर नौ दिवसीय नवरात्र भी हरियाली वितरण के साथ संपंन हो गए। बुधवार सुबह लोगों द्वारा घरों में बोई गई हरियाली को प्रसाद के रूप में वितिरित किया गया। कुछ स्थानों पर अष्टमी को हरियाली प्रसाद के रूप में बांटी गई जबकि कुछ जगह पर लोगों ने नवमी के दिन इसे प्रसाद के रूप में वितरित किया। घरों में तुलसी को रोपण करते हुए तुलसी की पूजा की गई। जबकि भगवान राम की पूजा अर्चना करते हुए सुख शांति की प्रार्थना की गई। प्राचीन हनुमान गुफा में मंदिर के पुजारी सीताशरण के साथ ही गंगा आरती के वरिष्ठ सदस्य एसपी कपरवाण द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसमें गंगा आरती समिति के सभी महिला एवं पुरुष सदस्यों ने प्रतिभाग किया। वहीं अन्य मुख्य बाजार सहित अनेक मंदिरों में पूजा अर्चना कर रामनवमी का पर्व मनाया गया।