दून बंद से सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
देहरादून। जिले में कोरोना की बढ़ती रफ्तार के चलते प्रशासन द्वारा नगर निगम क्षेत्र को शनिवार व रविवार को बंद करने का निर्णय लिया है। इसके बाद सेनेटाइजेशन का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है। इस दौरान जिले के आलाधिकारी व मेयर के साथ स्थानीय विधायक खजान दास भी सड़कों पर एक्शन में दिखे। हाल के दिनों में राजधानी दून में कोरोना संक्रमण की रफ्तार इस कदर तेजी से बढ़ी कि प्रशासन के होश फाख्ता हो गये। कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया था कि हर सप्ताह शनिवार रविवार को नगर निगम क्षेत्र को बंद रखकर शहर में सेनेटाइजेशन का काम करवाया जायेगा। इस क्रम में आज मेयर सुनील उनियाल गामा के नेतृत्व में सेनेटाइजेशन टीमों ने नगर निगम क्षेत्रों में पूरे दल बल के साथ पहुंच सेनेटाइजेशन का काम शुरू कर दिया। आज शहर के मुख्य चैराहों घंटाघर से लेकर राजपुर रोड, सहारनपुर रोड चकराता रोड आदि क्षेत्रों में सैनेटाइजेशन का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया जो लगातार दो दिन चलेगा। इस दौरान घटांघर क्षेत्र में पहुंचे मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि कोरोना से जनता कोे बचाना सरकार की प्राथमिकता है और इस पर सरकार सही निर्णय ले रही है। उन्होने बताया कि आज नगर निगम क्षेत्र के 50 वार्डो में सेनेटाइजेशन का काम किया जायेगा। बताया कि सेनेटाइजेशन के काम में लगभग 60 वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जो लगभग 3.10 लाख लीटर सैनिटाइजर सैल्यूशन का छिड़काव करेंगे। इस दौरान जिले के आलाधिकारी सहित कई लोग मौजूद रहे।