कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

Spread the love

देहरादून, कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न निर्माण कार्यों और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर रूप से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो और कुंभ मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं तैयार रहें।
अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता के लिए अभी से प्लानिंग
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के कारण कुंभ मेला 2027 के लिए आवश्यक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से आवश्यक योजना तैयार की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को कुंभ मेले के लिए आवश्यक मानव संसाधन का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
साइनेज पर क्यूआर कोड, तैयार होगा समर्पित ऐप
मुख्य सचिव ने कुंभ मेला क्षेत्र में साइनेज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने साइनेज पर क्यूआर कोड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व सहित आवश्यक जानकारियां आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए एक समर्पित ऐप भी तैयार कराया जा सकता है। मुख्य सचिव ने कुंभ मेले के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद भी संचालन और रखरखाव की योजना अभी से तैयार करने को कहा। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए नवंबर माह के अंत तक उन्हें अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
कुंभ मेला क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य तत्काल शुरू किए जाएं, ताकि समय रहते व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें। उन्होंने नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पूर्व तैयारी पूरी करने और इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी तैयारियां पहले से पूरी कर निर्धारित अवधि में कार्य संपन्न किए जाएं।
पेयजल और सिंचाई कार्यों की नियमित समीक्षा
मुख्य सचिव ने सिंचाई एवं पेयजल विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और कुंभ मेला शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे कराने पर जोर दिया। उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को स्वयं इन कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक वैकल्पिक मार्गों और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं को समय से तैयार करने को भी कहा गया।
स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल समाधान
मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुंभ से संबंधित कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली किसी भी समस्या से तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और किसी भी स्तर पर सामने आने वाली समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेष बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप एवं मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *