जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को वार्ड संख्या-25 बालासौड़ में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के तहत निर्मित नए नलकूप का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए लंबे समय से अतिरिक्त पेयजल स्रोत की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए नलकूप के शुरू होने से सैकड़ों परिवारों को नियमित, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से राहत दिलाने के साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि प्रदेश सरकार मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। पेयजल के अलावा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य भी लगातार कराए जा रहे हैं, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर सुनील पुंडीर, मनोज जखमोला, आशा डबराल, पूनम रावत, मंडल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, पार्षद नीरूबाला खंतवाल, पार्षद ऋतु चमोली, मुकेश डबराल, गजेंद्र मोहन धस्माना, राकेश देवरानी, उमेद सिंह बिष्ट, राजेंद्र जजेड़ी, अमिताभ अग्रवाल, मंजू जखमोला, मंडल अध्यक्ष अनिल नवानी, विनोद मलासी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।