मोटाढाक आरक्षित वन में विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वन महोत्सव के तहत द डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मोटाढाक आरक्षित वन क्षेत्र में स्वदेशी प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारी पृथ्वीराज ने विद्यार्थियों को वन संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में हर व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, क्योंकि इसके बिना धरती पर जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। इस अवसर पर देवरामपुर के ग्राम प्रधान सागर बड़ोला और तल्ला मोटाढाक के पार्षद दीपक पाठक ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को प्रकृति से जुड़कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर देती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *