नियमित देखरेख के अभाव में नगर क्षेत्र में आरओ पड़े हैं बंद, जल्द सुचारू करने का दावा

Spread the love

उत्तरकाशी। नगर क्षेत्र में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए सार्वजनिक आरओ खराब स्थिति में हैं। ज्ञानसू, तिलोथ, कलेक्ट्रेट परिसर, केदार मार्ग और मुख्य बाजार जैसे कई स्थानों पर लगाए गए आरओ प्लांट रखरखाव के अभाव में लंबे समय से बंद पड़े हैं। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जल्द ही आरओ को सुचारू कर दिए जाएंगे। आरओ बंद पड़े होने पर स्थानीय निवासियों का कहना है कि लोगों को नगर पालिका क्षेत्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। तिलोथ रोड पर जीएमवीएन के पास, केदार मार्ग और नर्मदेश्वर मंदिर जैसे स्थानों पर लगे आरओ मशीनों से पानी की आपूर्ति ठप है। गर्मी और चारधाम यात्रा सीजन के चलते पानी की मांग बढ़ी हुई है। ऐसे में इन सार्वजनिक सुविधाओं का बंद होना यात्रियों और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। स्थानीय निवासी अजय बडोला, इंद्र भूषण नौटियाल ने बताया कि नर्मदेश्वर मंदिर में लगा आरओ लंबे समय से खराब होने से पेयजल सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शहर में लगाए गए आरओ प्लांटों का उद्देश्य राहगीरों और पर्यटकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना था लेकिन नियमित देखरेख के अभाव में ये सुविधाएं उपयोग से बाहर हो गई है। पालिका की ईओ शालिनी चित्राण ने बताया कि कुछ आरओ के फिल्टर खराब हो चुके थे जिन्हें सही कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *