जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : घमंडपुर वार्ड के पार्षद अमित नेगी ने दुर्गापुरी चौराहे पर बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैनाती की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने यातायात निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर चौराहे पर पुलिसकर्मी अथवा होमगार्ड जवान की ड्यूटी लगाने का आग्रह किया।

पार्षद अमित नेगी ने बताया कि दुर्गापुरी चौराहा भाबर क्षेत्र के साथ ही हरिद्वार की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। दिनभर यहां वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। चौराहे पर यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने के कारण वाहनों के आवागमन में अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि व्यस्त समय में चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चौराहे पर नियमित रूप से पुलिसकर्मी या होमगार्ड की तैनाती होने से यातायात को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलेगी और जाम की समस्या से भी राहत मिल सकती है। पार्षद ने यातायात पुलिस से जल्द आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्गापुरी चौराहे पर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।