ग्रास्टनगंज में हाथियों की धमक, दहशत में जन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जंगल से सटे आबादी क्षेत्रों में हाथियों की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। हाथियों के झुंड लगातार आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर बाग-बगीचों और साग-सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीती रात हाथियों ने क्षेत्र में एक विद्युत पोल गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


पूर्व शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेश थपलियाल ने बताया कि रात के समय हाथियों का झुंड ग्रास्टनगंज में पहुंचा और काफी देर तक आबादी क्षेत्र में घूमता रहा। इस दौरान हाथियों ने विद्युत पोल को गिराकर तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी हाथियों ने कई घरों के गेट क्षतिग्रस्त किए हैं। आए दिन हाथियों की आवाजाही के कारण लोगों को शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर लगने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन क्षेत्र से नजदीक होने के कारण क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। हाथियों के झुंड के आबादी में पहुंचने से जहां फसल और बाग-बगीचों को नुकसान हो रहा है, वहीं किसी अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है। वार्डवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही हाथियों को आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में हाथियों और इंसानों के बीच संघर्ष की किसी गंभीर घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *