जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से भाजपा सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। अभियान के तहत क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। इसके बाद पूरे माह विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के संचालन के लिए पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशभर में लाभार्थियों की ओर से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ लाभार्थी माताओं से संवाद किया जाएगा। बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी और उन्हें पोषण व स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बहुद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं को संबंधित विभागों के माध्यम से दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।