जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज एकेश्वर में विकासखंड स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग और विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रीमियर लीग के सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज रीठाखाल के ओम प्रसाद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी।

कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज का दौर विज्ञान और तकनीकी का है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही उन्हें नवाचार और नई खोजों के लिए प्रेरित करती हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग के सीनियर वर्ग में ओम प्रसाद प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज मासौं के ईशान्त रावत द्वितीय रहे। जूनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मैटाकुंड के वंश ने प्रथम तथा राजकीय इंटर कॉलेज रीठाखाल की राधिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विज्ञान संगोष्ठी में राजकीय इंटर कॉलेज बग्याली की अंजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी विद्यालय की अंशिका द्वितीय रहीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार राय, खंड विज्ञान समन्वयक मंदीप सिंह, विज्ञान प्रीमियर लीग समन्वयक राकेश पोखरियाल, रविंद्र सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।