जीएमओयू की लग्जरी बस के संचालन पर रोडवेज कर्मियों का विरोध, किया प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच गढ़वाल मोटर आनर्स यूनियन (जीएमओयू) की लग्जरी बस सेवा शुरू होने के विरोध में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को रोडवेज कर्मियों ने बस अड्डे पर प्रदर्शन कर जीएमओयू की बस सेवा को निगम के हितों के विपरीत बताते हुए इसे बंद कराने की मांग की।


कर्मचारियों का कहना है कि पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे रोडवेज को विभिन्न कारणों से लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। बरसात के दौरान मार्ग बाधित रहने और कई रूटों पर संचालन प्रभावित होने से निगम की आय पर असर पड़ा है। ऐसे समय में समान रूट पर निजी बस सेवा शुरू होने से रोडवेज की आय और प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जीएमओयू को दूसरे राज्यों में बस संचालन की अनुमति किस प्रक्रिया के तहत मिली। कर्मचारियों ने कहा कि यदि समय रहते इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में अन्य राज्यों और रूटों पर भी निजी बसों का संचालन बढ़ सकता है, जिससे रोडवेज के सामने आर्थिक संकट और गहरा जाएगा। वहीं, प्रदर्शन के कुछ देर बाद जीएमओयू की लग्जरी बस निर्धारित समय पर दिल्ली रवाना होने के लिए बस अड्डे की ओर पहुंची। बस को देखते ही रोडवेज कर्मचारी उसके सामने आ गए और संचालन का विरोध करने लगे। कर्मचारियों और बस चालक के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को सड़क से हटाकर बस का रास्ता खुलवाया। इसके बाद बस जीएमओयू अड्डे पहुंची और निर्धारित समय पर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। प्रदर्शन में शाखा अध्यक्ष जसविंदर सिंह, महेश चंद्र, जितेंद्र रावत, सुदीप सिंह सहित कई रोडवेज कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *