श्रीनगर गढ़वाल : प्रधानमंत्री की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर विवि ने अमल करना शुरू कर दिया है। इसको देखते हुए विवि ने ऑनलाइन बैठकों पर जोर देना शुरू कर दिया है। विभिन्न कमेटियों में विवि मुख्यालय से बाहर के सदस्यों को बैठकों में ऑनलाइन जोड़ा जाएगा। इससे समय के साथ ही विवि का खर्च व ईंधन की बचत भी होगी। दूसरी ओर विवि ने ईंधन की बचत करने के लिए कार पुलिंग व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू कर दिया है।
विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने बताया कि अब विवि में विद्या परिषद, कार्य परिषद, प्रवेश समिति व अन्य महत्वपूर्ण बैठकें ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। हालांकि कुछ अधिकारी-कर्मचारी जो बैठक स्थल के आसपास कार्यरत या निवासरत हों वह जरूरत के हिसाब से ऑफलाइन माध्यम से भी बैठक में मौजूद रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा की गई ईंधन खपत कम करने अपील को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे विवि का खर्चा भी बचेगा। हालांकि विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश के निर्देशों पर पांच माह पहले ही खर्चों में कटौती के लिए कार पुलिंग पर जोर दिया गया था। इसके तहत पौड़ी, टिहरी परिसरों से विवि मुख्यालय में आने वाले शिक्षकों-कर्मचारियों को एक ही वाहन से आने-जाने के निर्देश दिए गए थे। (एजेंसी)