रानीखेत (अल्मोड़ा)। विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन रानीखेत में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।
भाजपा में टिकट को लेकर संभावित दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। गांव से लेकर कस्बों तक जनसंपर्क अभियान, पोस्टर, होर्डिंग और विभिन्न आयोजनों में मौजूदगी के जरिए कई नेता अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। इससे पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
रानीखेत विधानसभा सीट से भाजपा में अब तक दीप पांडेय, धन सिंह रावत, गोपाल उप्रेती, कैलाश पंत संभावित दावेदारों के रूप में सक्रियता बड़ा रहे है।
सभी नेता अलग-अलग माध्यमों से जनता के बीच पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं मौजूदा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल भी क्षेत्र में लगातार सक्रियता बढ़ाते हुए संगठन विस्तार और जनसंपर्क कार्यक्रमों में जुटे हैं। हाल के दिनों में विभिन्न दलों और संगठनों से जुड़े कई लोगों के भाजपा में शामिल होने को भी उनकी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। वही कई योजनाओं के शिलान्यास का कार्य भी उनके द्वारा लगातार किया जा रहा ंहै।
दीवारों से लेकर धार्मिक आयोजनों तक दिख रही चुनावी आहट
रानीखेत क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। पोस्टर, बैनर और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से नेता जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही दावेदारों ने अपनी-अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।