सिद्धबली मंदिर के प्रवेश द्वार के समीप फिर पहुंचा हाथी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार श्री सिद्धबली मंदिर के समीप हाथी की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। सोमवार रात एक बार फिर हाथी उक्त स्थान पर पहुंचा। आसपास मौजूद लोगों ने हाथी की इस चहलकदमी का वीडियों बनाया और उसे सोशल मीडिया में प्रसारित किया।
श्री सिद्धबली मंदिर का अधिकांश हिस्सा जंगल से सटा होने के कारण इन दिनों हाथी अक्सर आबादी क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में यह तीसरी घटना है, जब हाथी मंदिर के प्रवेश द्वार तक पहुंचा। सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे हाथी अपने शावक के साथ पार्किंग स्थल में आया और काफी देर तक खुले मैदान में घूमता रहा। इसके बाद हाथी ने पार्किंग में रखे एक काउंटर को सूंड से उठाकर इधर-उधर घुमाना शुरू कर दिया। इस दौरान शावक भी काउंटर के साथ खेलता दिखाई दिया। हाथी काफी देर तक मैदान में काउंटर को सूंड से इधर-उधर घुमाता रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी व उसके शावक को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। वहीं, सिद्धबली-सनेह मार्ग पर रात के समय लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में हाथियों की लगातार मौजूदगी राहगीरों के लिए खतरा पैदा कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस मार्ग पर हाथी कई लोगों को दौड़ा चुके हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *