जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गिवईस्रोत क्षेत्र में हाथी की धमक थमने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार रात हाथियों के एक झुंड ने ग्रास्टनगंज क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक शिव मंदिर की दीवार तोड़ दी और समीप स्थित बगीचे में घुसकर कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे हाथियों का झुंड सिद्धबली-सनेह मार्ग से नीचे उतरकर ग्रास्टनगंज क्षेत्र में पहुंच गया। सबसे पहले हाथी शिव मंदिर परिसर में घुस गए, जहां उन्होंने मंदिर की चारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। परिसर में रखा अन्य सामान भी हाथियों के उत्पात की चपेट में आ गया। हाथी काफी देर तक मंदिर परिसर में घूमते रहे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। इसके बाद हाथियों का झुंड पास स्थित एक बगीचे में पहुंच गया, जहां उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धबली-सनेह मार्ग और उससे सटे क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हाथी अक्सर सिद्धबली के पास पार्किंग क्षेत्र और सड़क पर भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की है।