जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार सुबह सतपुली-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज के समीप पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मलबे की चपेट में आने से इंटर कॉलेज का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शनिवार सुबह की है। पहले पहाड़ी से हल्के बोल्डर गिर रहे थे। लेकिन, देखते ही देखते पहाड़ी से भारी बोल्डर सड़क पर आ गया। जिससे पूरा मार्ग मलबे और विशाल बोल्डरों से पट गया। इसके बाद सतपुली-देवप्रयाग मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इंटर कॉलेज के समीप यह स्थान लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील बना हुआ है। वर्षाकाल में लगभग हर साल यहां पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरते हैं, जिससे मार्ग बाधित होने के साथ ही आसपास की दुकानों और भवनों को भी नुकसान पहुंचता है। उनका आरोप है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। लोगों ने संवेदनशील पहाड़ी के ट्रीटमेंट और सुरक्षा दीवार के निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।