जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। नदी, नाले उफान पर बहने से लोगों को भू-कटाव का खतरा सताने लगा है। शनिवार सुबह सिद्धबली के समीप खोह नदी में दो गोवंश नदी के तेज बहाव में फंस गए। दमकल विभाग ने गोवंश को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।
शनिवार सुबह दमकल को सूचना मिली कि खोह नदी में दो गोवंश फंसे हुए हैं। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, लगातार हो रही बारिश से नदी नालों के आसपास रहने वाले लोगों की भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। खोह, मालन और सुखरो नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में भू-कटाव का खतरा लगातार बढ़ रहा है। वहीं, बारिश से पहले नालियों की सफाई नहीं होने के कारण वार्डों में जल भराव की स्थिति देखने को मिल रही है।