रूटों पर ढाबों की मनमानी का पूर्व सैनिकों ने किया विरोध

Spread the love

पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के निर्धारित पड़ावों पर संचालित ढाबों में मनमानी वसूली, साफ-सफाई की कमी और अन्य अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। समिति ने उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर यात्रियों की सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत ने कहा कि परिवहन निगम की बसें जिन अधिकृत ढाबों पर रुकती हैं, वहां यात्रियों से खाद्य एवं पेय पदार्थों के मनमाने दाम वसूले जाते हैं। अधिकांश ढाबों के बाहर मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं होती, जिससे यात्रियों को निर्धारित कीमतों की जानकारी नहीं मिल पाती और उनसे अधिक राशि वसूली जाती है। उन्होंने कहा कि कई ढाबों में शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब है। साफ-सफाई के अभाव में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका कहना था कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। समिति ने मांग की कि उत्तराखंड परिवहन निगम के सभी अधिकृत पड़ावों का संभागीय परिवहन अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नियमित रूप से मासिक निरीक्षण करें। साथ ही सभी ढाबों पर खाद्य एवं पेय पदार्थों की मूल्य सूची बड़े अक्षरों में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए तथा स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ढाबों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं और परिवहन निगम के साथ किए गए अनुबंध समाप्त किए जाएं। इस दौरान अनुसुया प्रसाद सेमवाल, गोपाल सिंह, ताजबर सिंह, जीत सिंह, राजमोहन, रतन सिंह, बिजेंद्र सिंह और परविंदर रावत सहित पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *