जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 पदमपुर मोटाढांग स्थित ग्राम उमरावनगर में शनिवार को 147.90 लाख की लागत से मोटाढांग पेयजल योजना के अंतर्गत नलकूप निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना उत्तराखंड जल संस्थान के राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत बनाई जाएगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि नए नलकूप के निर्माण से मोटाढांग क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद सौरव नौडियाल, अमित नेगी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सिमरन बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, जन कल्याण विकास समिति उमरावनगर के उपाध्यक्ष पंकज नेगी, कोषाध्यक्ष कैलाश चंद्र बलोदी, सदस्य गुड्डा दास, वरिष्ठजन प्रकाश चंद्र देवरानी, हरीश चंद्र जोशी, विमला शुक्ला, मंदिर समिति के संरक्षक जगमोहन सिंह रावत, अध्यक्ष बीना भट्ट, सदस्य मीनाक्षी जुयाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में नलकूप निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।