सरस्वती शिशु मंदिर में छात्र संसद का गठन, पदाधिकारियों ने ली शपथ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद का गठन किया गया। इस अवसर पर नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाकर उनके दायित्वों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र गौड़ ने किया। उन्होंने छात्र संसद के अध्यक्ष पद पर चुने गए आरव मनराल, उपाध्यक्ष भवानी, मंत्री आदित्य, उपमंत्री आदित्य, सेनापति ऋषभ एवं उपसेनापति दक्ष को शपथ दिलाई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के प्रमुखों को भी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में शिक्षक मनोज जोशी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से छात्र पदाधिकारियों को शिशु भारती की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। वहीं शिक्षक अंचल कुमार ने बताया कि सभी पदाधिकारियों की प्रत्येक पखवाड़े बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की जाएगी। प्रधानाचार्य महेंद्र गौड़ ने कहा कि जिस प्रकार देश के संचालन के लिए विभिन्न मंत्रालय एवं पद निर्धारित होते हैं, उसी प्रकार विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए छात्र संसद एवं विभागों का गठन किया जाता है। इस अवसर पर योगेश नेगी, गीता रावत, सुनीता पंत, अंजू चमोला, श्रेया चौधरी, कीर्ति द्विवेदी, पूजा चतुर्वेदी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *