जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दस दिवसीय गणेश महोत्सव के समापन पर शुक्रवार को भगवान गणेश की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। विभिन्न गणेश समितियों की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर झूमे। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाए।

सिद्धि विनायक समिति, बाल गणेश समिति सहित विभिन्न संस्थाओं ने भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली। नगर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकली शोभायात्राएं झंडाचौक पहुंचीं, जहां से सभी श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयघोष के साथ खोह नदी की ओर रवाना हुए। विसर्जन यात्रा में युवा, महिलाएं और बच्चे भजनों की धुन पर नृत्य करते नजर आए। अबीर-गुलाल से सराबोर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। खोह नदी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और नम आंखों से प्रतिमा को नदी में विसर्जित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष गणपति बप्पा के जल्द आगमन की प्रार्थना की।