Uncategorized

गढ़वाल सांसद ने जिला विकास समन्वय निगरानी समिति की बैठक ली

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रप्रयाग। गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने जिला विकास समन्वय निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अफसरों को पारदर्शिता के साथ कार्य और समय समय पर निगरानी करने के निर्देश दिए। केंद्र पोषित योजना एवं कायक्रमों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति आख्या को लेकर विकास भवन सभागार में हुई बैठक में गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह ने विभागवार विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं ऐसे में अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को धरातल पर लाएं ताकि लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में कुल स्वीकृत धनराशि 855.07 लाख रुपए के सापेक्ष 632.82 लाख की धनराशि व्यय की जा चुकी है। ग्राम्य विकास विभाग ने बताया कि जिले में 336 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत अलग-अलग योजनाओं में कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें विकास खंड अगस्त्यमुनि, जखोली व ऊखीमठ में कुल 93 शौचालय, 632 गौशालाएं, 142 मुर्गीवाड़े, 37 घेरबाड़ तथा 964 रास्तों का निर्माण किया गया। इसके अतिरिक्त जल संवर्धन से संबंधित 1666, कृषि से 638 कार्य तथा 23 मत्स्य तालाबों का निर्माण किया गया है। इस बीच कोरोना के कारण जनपद लौटे 7828 नए प्रवासियों का मनरेगा के तहत पंजीकरण किया गया। मनरेगा के तहत ही तीन ग्राम पंचायतों त्यूड़ी, ललूड़ी व मनसूना को डेमस्क गुलाब स्पेशल प्रोजेक्ट के लिए चयनित किया गया है। जिसमें जगह और लाभार्थी के चयन सहित प्राक्कलन निर्माण, मस्टर रोल जारी किया जा चुका है। मनरेगा योजना में ग्राम पंचायत बजीरा में जंगली जानवरों से कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए करीब 3 हेक्टेयर भूमि पर घेरबाड़ निर्माण कार्य किया गया है। जखोली की ग्राम पंचायत बजीरा धनकुराली में बड़े स्तर पर कीवी फल का उत्पादन किया जा रहा है साथ ही कीवी फल की नर्सरी भी तैयार की जा रही है। एन.आर.एल.एम. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तथा शहरी विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत पात्र परिवारों के विवरण संबंधी जानकारी दी गयी। इसके बाद विद्युत, पेयजल, जल-संस्थान, पी.एम.जी.एस.वाई, लो.नि.वि, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, शिक्षा, समाज कल्याण, स्वजल, कृषि, सेवायोजन, खाद्य एवं आपूर्ति, उद्योग, महिला सशक्तिकरण व सिंचाई विभाग द्वारा प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई। गढ़वाल सांसद ने इस पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने उपस्थित अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चैधरी,ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि विजया देवी, ऊखीमठ श्वेता पाण्डे, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवान, सभासद सुरेन्द्र सिंह रावत, एसपी नवनीत सिंह भुल्लर,सीडीओ भरत चंद्र भट्ट, डीडीओ मनविंदर कौर सहित सभी विभागों के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!