घनानंद की पत्नी के निधन पर कलाकारों व भाजपा ने जताया शोक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। प्रसिद्घ हास्य कलाकार घनानंद उर्फ घन्ना भाई की धर्म पत्नी के निधन पर रंगकर्मी व सांस्कृतिक कलाकारों एवं भाजपा ने शोक व्यक्त किया है।
घनानंद उर्फ घन्ना भाई की धर्म पत्नी इंदू देवी का लंबी बीमारी के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया है। वे देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भर्ती थी। उनके निधन से घनानंद का परिवार शोक में डूबा हुआ है। वहीं मुख्यालय पौड़ी व उनके पैतृक गांव गगवाड़ा में शोक की लहर छा गई है। रंगमंच से जुड़े कलाकारों व ग्रामीणों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हास्य कलाकार घनानंद घन्ना ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी इंदू देवी किडनी व हृदय रोग की बीमारी से पीड़ित थी। वे विगत 14 अगस्त से देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भर्ती थी। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर ढाई बजे उनकी धर्म पत्नी ने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रसिद्घ गढ़वाली फिल्म निर्देशक गणेश वीरान, लोक गायक अनिल बिष्ट, वरिष्ठ रंगकर्मी गौरी शंकर थपलियाल, वीरेंद्र खंकरियाल तथा भाजपा ने गहरा दुख प्रकट किया है।