गोपेश्वर। नगर क्षेत्र के समीप ब्रह्मसैंण मोहल्ले के निचले क्षेत्र में घिंघराण सड़क के भूस्खलन प्रभावित हिस्से का एक साल बाद भी उपचार नहीं हो पाया है। पिछले वर्ष सड़क के करीब 40 मीटर हिस्से में भूस्खलन होने से क्षेत्र को खतरा पैदा हो गया था लेकिन अब तक यहां कोई स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं कराया जा सका है। बरसात का मौसम शुरू होते ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों की चिंता फिर बढ़ गई है। स्थानीय विनोद सिंह, मनोज और माहेश्वरी देवी ने बताया कि सड़क किनारे सुरक्षा कार्य और ट्रीटमेंट कराने के लिए कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगाई गई लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। हल्की बारिश होने पर भी डर लगने लगता है। जिला पंचायत सदस्य जेपी पंवार और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा असवाल ने कहा कि यदि जल्द भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो इस बरसात में स्थानीय लोगों के साथ ही आसपास के दुकानदारों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने तत्काल अस्थायी सुरक्षा कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। उधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता तनुज कंबोज ने बताया कि घिंघराण सड़क के ट्रीटमेंट का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।