देहरादून()। चोरी के आदतन अपराधी को पुलिस ने गुंडा एक्ट लगाकर छह महीने के लिए तड़ीपार (जिला बदर) कर दिया है। पुलिस टीम ने आरोपी को यूपी के सहारनपुर की सीमा में छोड़कर हिदायत दी है कि वह तय अवधि तक देहरादून जिले की सीमा में कदम न रखे। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सभी थानों की पुलिस को आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इसके तहत डालनवाला कोतवाली निरीक्षक संतोष कुंवर ने संदीप उर्फ संजू पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ओल्ड डालनवाला के खिलाफ गुंडा एक्ट की रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए डीएम ने आरोपी को छह महीने के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे जनपद की सीमा से बाहर छोड़ दिया। आरोपी के खिलाफ डालनवाला, रायपुर और प्रेमनगर थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के कुल 14 केस दर्ज हैं। आरोपी वर्ष 2017 से अपराध में सक्रिय है।