सरकार सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी पर कर रही बेहतर कार्य : विपिन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने घोषणा पत्र में किए गए वायदों को एक-एक कर पूरा कर रही है। प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है, सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी पर सरकार बेहतर काम कर रही है। कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में महिला शक्ति का अहम योगदान रहा है। लिहाजा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण की बाधाएं अब दूर हो जाएगी।
पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में महत्वपूर्ण विधेयक पास हुए हैं। जिसमें महिला आरक्षण, धर्म स्वतंत्रता और विनियोग विधेयक शामिल है। इन पर राज्यपाल की मुहर लगते ही ये सभी कानून बन जाएंगे और प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा। कहा कि धर्मांतरण कानून आने के बाद जबरन या प्रलोभन देकर होने वाले धर्मांतरण पर भी रोक लग सकेगी। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनता से किए गए अपने वायदों को पूरा करने का काम रही है। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान के व्यक्ति तक विकास पहुंचे इसी सोच के साथ प्रदेश के विकास को गति दी जा रही है। विकास कार्यों को गति दी जा रही है। रेल प्रोजेक्ट 2024 तक पूरा होगा और कर्णप्रयाग तक रेल पहुंचेगी। सरकार ने इसके साथ ही पंचायत एक्टर से लेकर जीएसटी के नियमों में भी व्यापारियों को सहुलियत दी है। कोर्ट के महिला आरक्षण कानून पर रोक लगाने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार ने पहले सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी के माध्यम से इस रोक पर स्टे लाई गई थी। इस मौके पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, जिलाध्यक्ष सुषमा रावत, पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, पौड़ी जिला प्रभारी विजय कपरवाण, संजय बलूनी, सुबोध नौटियाल और जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट आदि भी मौजूद रहे।