नंदानगर। नंदानगर क्षेत्र की विभिन्न ग्रामीण सड़कें बरसात के बाद झाड़ियों से घिर गई हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नंदानगर-बंगाली, भेटी, सुतोल, कुरुड़, सुंग, घूनी, लुणतरा, माणखी, सेरा मोख और कांडई-पगना सड़क पर दोनों तरफ झाड़ियां उगी हुई हैं। झाड़ियों के चलते भालू सहित अन्य जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी बना हुआ है। बांजबगड़ निवासी बचन सिंह, बंगाली निवासी अवतार सिंह और भेंटी गांव निवासी कमल सिंह का कहना है कि पहले लोनिवि की लेबर सड़कों के किनारे झाड़ियों की सफाई करती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने लोनिवि से ग्रामीण सड़कों पर झाड़ी कटान कर आवाजाही सुगम बनाने की मांग की है।
चमोली से लापता किशोरी पोखरी के गांव में मिली
गोपेश्वर। चमोली कोतवाली क्षेत्र से लापता किशोरी (17) पोखरी क्षेत्र के एक गांव में मिल गई। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। रविवार को चमोली कोतवाली में एक किशोरी के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत मिली थी। इस पर चमोली पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना देकर किशोरी की तलाश शुरू की। पोखरी पुलिस भी तलाश में जुट गई। इस दौरान जानकारी मिली कि किशोरी पोखरी क्षेत्र के एक गांव में है। चमोली और पोखरी पुलिस की टीम गांव पहुंची और किशोरी को अपने साथ लेकर आई। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।