सिमली बेस अस्पताल के लिए रामलीला स्थगित

Spread the love

कर्णप्रयाग। सिमली में बेस अस्पताल के शासनादेश की मांग के लिए 11 अक्तूबर से शुरू होने वाली रामलीला स्थगित कर दी गई है। इसी दिन से सिमली से देहरादून तक पद यात्रा का आगाज होगा। यह निर्णय सोमवार को बेस अस्पताल संघर्ष समिति और श्री राज राजेश्वरी चंडिका देवी रामलीला कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। मंगलवार से गांवों में बैठकें होंगी। रामलीला कमेटी ने जनहित और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला किया है। रामलीला मंडली के अध्यक्ष संजय डिमरी ने बताया कि सरकार की नाकामियों के कारण बेस अस्पताल का शासनादेश जारी नहीं हो पाया है। इसी वजह से प्रति वर्ष नवरात्र के पावन पर्व पर होने वाली रामलीला के मंचन को स्थगित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मां चंडिका का नवरात्र पूजन अनवरत जारी रहेगा। बेस अस्पताल संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पद यात्रा को सफल बनाने के लिए 29 सितंबर से संघर्ष समिति गांव चलो अभियान संचालित करेगी और गांवों में बैठकें होंगी। नवरात्र पर मां चंडिका की पूजा-अर्चना के बाद विशाल जनसमूह के साथ पद यात्रा शुरू होगी।
इस मौके पर हेमंत टकोला, महेश डिमरी, विक्रम सिंह नेगी, भवान सिंह, हर्षवर्धन डिमरी, एसपी बहुगुणा और अरविंद मुसनी ने भी विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *