बदरीनाथ। मौसम साफ होते ही बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। सोमवार को ब्रह्मकपाल में पितरों के निमित्त पिंडदान और तर्पण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्राद्ध पक्ष में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। दो दिन तक हुई बारिश के चलते रविवार को बदरीनाथ धाम में यात्रियों की संख्या सीमित रही। खराब मौसम के कारण श्रद्धालुओं को पिंडदान और तर्पण कराने में भी दिक्कतें आईं। सोमवार को मौसम खुलने के बाद बदरीनाथ मंदिर और ब्रह्मकपाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। तीर्थ पुरोहितों के पास दिनभर पिंडदान और तर्पण कराने के लिए श्रद्धालु पहुंचते रहे। ब्रह्मकपाल के तीर्थ पुरोहित हरीश सती ने बताया कि श्राद्ध पक्ष शुरू होने के बाद से ही ब्रह्मकपाल में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को मौसम साफ होने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त पिंडदान और तर्पण कराया।