जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित समरसता संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही कलश यात्रा शुक्रवार को कोटद्वार पहुंची। कौड़िया चेक पोस्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और गुरु रविदास महाराज के बताए समरसता एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और महापौर शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कौड़िया चेक पोस्ट पर एकत्र हुए। कलश यात्रा के पहुंचते ही वातावरण गुरु रविदास महाराज के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद यात्रा रविदास मंदिर, कौड़िया पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश की स्थापना की गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, समान अवसर और सामाजिक एकजुटता को सशक्त बनाने का प्रभावी प्रयास है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा, मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, सुरेंद्र आर्य, हंसलता, कमल सैनी, लक्ष्मी रावत, गुरु बचन सिंह, सुभाष सिंह, भूपेंद्र सिंह, रजनी बिष्ट, राजबाला, आराधना द्विवेदी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।