जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को श्रमिक कल्याण किट वितरित की। इस दौरान 70 श्रमिकों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांच का लाभ भी उठाया।
निंबूचौड़ में आयोजित कार्यक्रम में अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन के सहयोग से 180 पंजीकृत श्रमिकों को कल्याण किट प्रदान की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों की सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को अनेक योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण की जिम्मेदारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच जैसी पहल से श्रमिकों को समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार का अवसर मिल रहा है। उन्होंने श्रमिकों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने श्रमिकों के हित में सहयोग के लिए अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन की सराहना भी की।