ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से बदली जिंदगी, आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहीं गुड्डी देवी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के चलते उत्तराखंड में स्वरोजगार एवं महिला उद्यमिता के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय प्रगति हो रही है। इसी क्रम में जनपद चमोली के ग्राम कुशरानी मल्ली की निवासी श्रीमती गुड्डी देवी ने आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष सहायतित ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम कुशरानी मल्ली की निवासी श्रीमती गुड्डी देवी, सदस्य माई स्वयं सहायता समूह एवं सरस्वती स्वायत्त सहकारिता, माईथान को ब्यूटी पार्लर व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने हेतु 75,000 की परियोजना सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त बैंक के माध्यम से 3 लाख की सीसीएल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। परियोजना एवं बैंक सहयोग से गुड्डी देवी ने अपने क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर शॉप स्थापित कर स्वरोजगार का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया है। वर्तमान में वे महिलाओं को विभिन्न प्रकार की ब्यूटी एवं मेकअप सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उनके कार्य की गुणवत्ता एवं सेवाओं के कारण स्थानीय क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान बन रही है। इस उद्यम से वे प्रतिमाह लगभग 20,000 से 25,000 तक की आय अर्जित कर रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

गुड्डी देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ग्रामोत्थान परियोजना एवं बैंक सहयोग का मैं हृदय से धन्यवाद करती हूं, जिनके सहयोग से मुझे अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिला। पहले मैंने छोटे स्तर पर काम शुरू किया था, लेकिन अब मेरा ब्यूटी पार्लर अच्छी आय का माध्यम बन गया है। इससे मुझे आत्मनिर्भर बनने और परिवार को आर्थिक सहयोग देने में काफी मदद मिली है। अब मैं अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *