बमठी गांव में गुलदार ने बुजुर्र्ग महिला को बनाया निवाला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आये दिन गुलदार लोगों पर हमला कर रहा है। गुलदार अभी तक कई लोगों को निवाला बना चुका है। गुरूवार सुबह जिला मुख्यालय से सटे राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क के समीप बमठी गांव में एक बुजुर्ग महिला को घात लगाए गुलदार ने निवाला बना दिया। बुजुर्ग घर से लगे खेतों में मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव कर गुलदार को मारने की मांग की।
गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी रेंज नागदेव के समीप बमठी गांव में गुरूवार को घर से महज दो खेत नीचे खेत में घास लेने गई बुजुर्ग सीता देवी (72) पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर मार डाला। गुलदार बुजुर्ग को घसीटता हुआ सौ मीटर नीचे घनी झाड़ियों के बीच ले गया। कुछ देर तक जब बुजुर्ग घर नहीं लौटी तो पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी ने आवाज दी और तलाश शुरू की। खेत में बुजुर्ग की चप्पल और दरांती देख उन्होंने अन्य लोगों के साथ खोज की। तभी अधखाया शव झाड़ियों के बीच बरामद हुआ। बमठी गांव में लोग जमा हो गए। सूचना पर वन, पुलिस, राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आक्रोशित लोगों ने वन विभाग के अफसरों का घेराव कर दिया। उन्होंने गुलदार को आदमखोर घोषित करते हुए शीघ्र मारने की मांग की। कहा कि गुलदार को मारने के बाद ही बुजुर्ग की अंत्येष्टी की जाएगी। बीते करीब डेढ़ माह पहले ही इसी गांव के समीप बाड़ा गांव में गुलदार ने एक नेपाली मजदूर पर हमला कर उसे मार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *