Uncategorized

गुलदार ने बनाया बुजुर्ग को शिकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

चमोली। जोशीमठ के पैंका वार्ड में रहने वाले एक बुजुर्ग को बाजार आते समय रास्ते में गुलदार ने अपना शिकार बना दिया। इस दौरान पीछे से आ रहे लोगों के शोर करने मचाने पर गुलदार मृतक को रास्ते में छोड़कर पहाड़ियों की ओर भाग गया। मौके पर वन विभाग के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने शाम तक शव नहीं उठाया। शाम 5:10 बजे रेंजर विजय लाल आर्या के मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने शव उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सवा दस बजे के लगभग जोशीमठ के पैंका वार्ड निवासी गंगा सिंह चौधरी (65) पुत्र बख्तावर सिंह चौधरी अपने घर से जोशीमठ नगर की ओर आ रहे थे। बलदुडा पुल से करीब 100 मीटर ऊपर पैदल मार्ग पर घात लगाए गुलदार ने बुजुर्ग पर हमला कर मार डाला। इस दौरान पीछे से आ रहे लोगों ने शोर मचा दिया। लोगों का शोर सुनकर गुलदार बुजुर्ग के शव को छोड़कर पहाड़ियों की ओर भाग गया। वहीं देर शाम तक वन विभाग के अधिकारी के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने पर लोगों ने कड़ा आक्रोश प्रकट किया। ग्रामीणों ने देर शाम 5:10 बजे रेंजर के पहुंचने पर शव उठाया। नगर पालिकाध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार ने बताया कि पिछले तीन महीनों में पैंका के निचले भाग में गुलदार का आतंक बढ़ा हुआ है।
दो माह पूर्व भी गुलदार ने मुख्य सड़क में काम करने वाले एक मजदूर को निवाला बना लिया और एक अन्य मजदूर को घायल कर दिया। वन विभाग की ओर से अभी तक इस आदमखोर गुलदार को मारने का आदेश नहीं दिए जाने से लोगों में जानमाल का खतरा बना हुआ है। जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। मौके पर पहुंचे रेंजर विजय लाल आर्या ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। चार दिन के भीतर फिलहाल डेढ़ लाख रुपये बुजुर्ग के परिजनों को दे दिया जाएगा।
घटना सुबह साढ़े दस बजे से पहले की बताई जा रही है। लेकिन शाम तीन बजे तक घटनास्थल पर वन विभाग के किसी जिम्मेदार अधिकारी का न पहुंचना खेदजनक है। मैंने वन विभाग को इस बावत फटकार लगाकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दे दिए हैं। -कुमकुम जोशी, एसडीएम
क्षेत्र के रेंज अधिकारी अवकाश पर हैं। मैं भी स्वयं जोशीमठ से बाहर हूं। मैंने दूसरे क्षेत्र के रेंज अधिकारी को मौके पर जाकर पीड़ित परिवार से बातचीत करने को कह दिया है। मैं जैसे ही जोशीमठ पहुंचूंगा नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा जारी किया जाएगा। साथ ही दो-तीन दिन में हम शिकारी बुलाने जा रहे हैं। -नंदा बल्लभ शर्मा, डीएफओ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!